Breaking News

संगठन की मजबूती पर जोर, योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान

बीजापुर में भाजपा जिला कार्यशाला संपन्न, कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां

बीजापुर (हिन्दसत)।भाजपा के अटल सदन कार्यालय में आयोजित जिला कार्यशाला उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती को पार्टी की असली ताकत बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन का मूल मंत्र है और यह प्रत्येक कार्यकर्ता की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही को सुशासन का आधार बताते हुए इसे व्यवहार में उतारने पर जोर दिया।

महेश गागड़ा ने पश्चिम बंगाल, असम और पांडुचेरी में मिली जीत का श्रेय संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत को देते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक सफलता की नींव होता है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर जश्न भी मनाया।

जिला प्रभारी दीपेश अरोरा ने अपने संबोधन में संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति साझा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने, जनसंपर्क बढ़ाने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता का मार्ग मजबूत संगठन से ही होकर गुजरता है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, उपाध्यक्ष दयाशंकर पटेल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिहर सहनी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जागर लक्ष्मैया, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष माया झाड़ी, मंडल अध्यक्ष अशोक राव, नरसिंह रेड्डी, चिन्नाराम तेलम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button