सुशासन तिहार की तैयारी तेज, 6 मई से ईटपाल से होगा आगाज़
कलेक्टर ने दिया सख्त निर्देश – शिविर हों प्रभावी और परिणाममुखी, मौके पर ही हो समाधान

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में सुशासन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से “सुशासन तिहार” का आयोजन 6 मई से 30 मई तक किया जाएगा, जिसकी शुरुआत ग्राम पंचायत ईटपाल से होगी। कलेक्टर संबित मिश्रा ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में इस अभियान की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविरों का आयोजन गरिमामय, प्रभावी और परिणाममुखी होना चाहिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जनसमस्या निवारण शिविरों में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और प्राप्त आवेदनों का उसी दिन पोर्टल पर पंजीयन कर शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से मौके पर ही अधिकतम समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।

उन्होंने ग्राम सभाओं में पारित मांगों को अभियान के तहत स्वीकृति प्रदान कर हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित करने के निर्देश दिए। शिविरों में पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार पत्र, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ तत्काल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में “बस्तर मुन्ने सैचुरेशन शिविर” की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित एसडीएम को नियमित मॉनिटरिंग कर शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सड़क जैसे मूलभूत विभागों के कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई।
इस दौरान अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल, जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का लक्ष्य है कि सुशासन तिहार के माध्यम से हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, समस्याओं का त्वरित समाधान हो और जिले में विश्वास व विकास की नई मिसाल स्थापित की जा सके।


