Breaking News

बीजापुर में खाद्य सुरक्षा अभियान का बड़ा खुलासा : होटल-केंटीन और दुकानों में मिली भारी लापरवाही

जिला अस्पताल केंटीन से लेकर किराना दुकानों तक जांच में खुलीं खामियां, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मौके पर कराई गई नष्ट

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में चल रहे खाद्य सुरक्षा अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कई प्रतिष्ठानों में गंभीर लापरवाही उजागर की है। “सही दवा–शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत चलाए जा रहे अभियान में जिला अस्पताल केंटीन, ढाबों और किराना दुकानों की जांच के दौरान साफ-सफाई, स्वास्थ्य मानकों और खाद्य गुणवत्ता को लेकर कई खामियां सामने आईं।

अभियान के आठवें दिन जिला अस्पताल बीजापुर में संचालित केंटीन का निरीक्षण किया गया। जांच में खाद्य सामग्री और अन्य व्यवस्थाएं तो संतोषजनक मिलीं, लेकिन कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और पानी की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। संबंधित संचालकों को तत्काल दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद जांच टीम मां दंतेश्वरी ढाबा पहुंची, जहां डाइनिंग हॉल में गंदगी और साफ-सफाई की कमी पाई गई। यहां भी कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण प्रमाण पत्र और पानी जांच रिपोर्ट नहीं मिली। अधिकारियों ने संचालक को सख्त चेतावनी देते हुए साफ-सफाई दुरुस्त करने, कर्मचारियों का मेडिकल चेकअप कराने और पेयजल की नियमित जांच करवाने के निर्देश दिए।

अभियान के नौवें दिन नैमेड़ क्षेत्र में बस स्टैंड के आसपास स्थित दुकानों पर कार्रवाई की गई। बजरंग किराना स्टोर्स में एक बोरी एक्सपायर्ड दलिया बरामद हुआ, जबकि युवराज किराना स्टोर्स में बालूशाही, बूंदी लड्डू, सोनपापड़ी, तिल लड्डू, पतंजलि दूध बिस्कुट, टाइगर दूध बिस्कुट, ब्रिटानिया मेरी गोल्ड, मिल्क बिकिस और अनमोल रस्क समेत कई एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली।

जांच टीम ने मौके पर ही सभी एक्सपायर्ड सामान को नष्ट कराया और दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी। अधिकारियों ने साफ कहा कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकानदारों को नियमित रूप से खाद्य सामग्री की एक्सपायरी जांचने और खराब उत्पाद तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों तक सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाना है। साथ ही होटल संचालकों, दुकानदारों और आम लोगों को स्वच्छता, पौष्टिक आहार और खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना भी इस कार्रवाई का मुख्य लक्ष्य है।

Related Articles

Back to top button