33 अंदरूनी गांवों तक पहुंचे विधायक विक्रम मंडावी, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
स्कूल, सड़क, अस्पताल और रोजगार की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष रखी समस्याएं

बीजापुर (हिन्दसत)। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने बीजापुर और उसूर विकासखंड के 33 अंदरूनी गांवों का चार दिवसीय दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष स्कूल, अस्पताल, सड़क, शुद्ध पेयजल, बिजली, आंगनबाड़ी केंद्र और रोजगार जैसी आवश्यक मांगें रखीं।

दौरे के दौरान विधायक मंडावी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि उसूर और गंगालूर क्षेत्र के कई गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाकर समाधान के लिए गंभीर पहल की जाएगी। साथ ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास तेज किए जाएंगे।

विधायक ने पेदाकोरमा, पालनार, सावनार, तोड़का, कोरचोली, पुसानार, कावड़गांव, हिरमगुण्डा, मुदवेंडी, डोडीतुमनार, गमपुर, पेदागेलूर, पालागुड़ा, कंचाल, गण्डाराजगुड़ा, मेटागुड़ा, मंगलतोंग, बड़े तर्रेम, पोलमपल्ली, टेकुलगुड़ा, पुसबाका और चिपुरभट्टी सहित कई दूरस्थ गांवों का दौरा किया। ग्रामीणों ने कई जगह सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर भी नाराजगी जताई।

कांग्रेस नेताओं ने इसे अंदरूनी क्षेत्रों में जनसंपर्क और जनसमस्याओं को समझने की महत्वपूर्ण पहल बताया। दौरे में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, उसूर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज अवलम, मंगल राना, सोनू पोटाम, दिनेश पुजारी, अनीता तेलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



