2 साल पुराने अंधे कत्ल का हुआ खुलासा, बोरी में मिला महिला का कंकाल
अवैध संबंध के शक में पत्नी ने रची थी हत्या की साजिश, दो महिलाएं गिरफ्तार

दंतेवाड़ा (हिन्दसत)। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पुलिस ने दो वर्ष पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए एक सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने महिला की हत्या की साजिश रचने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में प्लास्टिक बोरी में दफन मानव कंकाल बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में पुराने अपराधों और गुमशुदगी के मामलों की समीक्षा की जा रही थी। इसी दौरान थाना सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा में दर्ज गुम इंसान क्रमांक 09/2024 की दोबारा जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार वर्मन तथा एसडीओपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में गठित टीम ने कॉल डिटेल और परिजनों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गुमशुदा महिला रामदई कश्यप के कमली करटम के पति के साथ नजदीकी संबंध थे। इसी बात से नाराज होकर कमली करटम ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन कमली ने अपनी सौतेली बेटी लक्ष्मी करटम को दंतेवाड़ा भेजा और रात में फोन कर महिला की मौजूदगी की पुष्टि की। इसके बाद आरोपी हुंगाराम घर पहुंचा और रामदई कश्यप की गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को पिकअप वाहन में रखकर ग्राम तोयलंका ले जाया गया, जहां घर के पीछे नाले किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। पुलिस ने आरोपी कमली करटम की निशानदेही पर दंडाधिकारी और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में उत्खनन कराया, जहां सफेद प्लास्टिक बोरी में भरा मानव कंकाल बरामद हुआ।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी कमली करटम और लक्ष्मी नाग को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपी की तलाश और आगे की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिन्हा, उप निरीक्षक संजय पाल, सहायक उप निरीक्षक पंकज धर और प्रधान आरक्षक आशीष कुमार नाग की अहम भूमिका रही।



