Breaking News

बिजली गुल और मोबाइल नेटवर्क समस्या को लेकर भोपालपटनम में 23 मई को चक्का जाम की घोषणा

फारेस्ट नाका में सुबह 10 बजे शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन, प्रशासन को दी गई सूचना

भोपालपटनम (हिन्दसत)। क्षेत्र में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने और मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या को लेकर भोपालपटनम के ग्रामीणों एवं नगरवासियों ने 23 मई 2026 को चक्का जाम एवं धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) भोपालपटनम को लिखित सूचना सौंप दी गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में बिजली कटौती और कमजोर मोबाइल नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई, ऑनलाइन कार्य, बैंकिंग सेवाएं, व्यापारिक गतिविधियां और आपातकालीन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि 23 मई को सुबह 10 बजे से फारेस्ट नाका, भोपालपटनम में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को आश्वासन दिया है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा तथा किसी प्रकार की हिंसा, तोड़फोड़ या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। साथ ही एम्बुलेंस एवं अन्य आवश्यक सेवाओं को बाधित नहीं किया जाएगा।

 

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से बिजली एवं मोबाइल नेटवर्क समस्या के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button