Breaking News

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का भव्य शुभारंभ

दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग में संगठन सशक्तिकरण, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण पर विस्तृत मंथन

बीजापुर (हिन्दसत)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का आज बीजापुर में भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश से पहुंचे वरिष्ठ वक्ताओं ने संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा तथा राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। भव्य शुभारंभ सत्र में मुख्य वक्ता एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और संगठन की विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने संगठन की मजबूती, अनुशासन, सेवा कार्य, बूथ सशक्तिकरण एवं जनसंपर्क पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय रूप से जनता के बीच जाकर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में योगदान देना चाहिए।

प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक संरचना, सोशल मीडिया की भूमिका, राष्ट्रवादी विचारधारा और कार्यकर्ता विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष जी वेंकट, प्रदेश प्रवक्ता टिकेश्वर जैन, प्रदेश वक्ता शिवनारायण पांडेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किरण उसेंडी, निवर्तमान जिला अध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार तथा संगठन प्रभारी दीपेश अरोरा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने की, जबकि प्रशिक्षण की रूपरेखा जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा द्वारा प्रस्तुत की गई।

भव्य आयोजन में जिले भर से भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रशिक्षण वर्ग में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और विचारधारा के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button