यातायात नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, 23 वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई
विशेष चेकिंग अभियान में 17 हजार 1सौ रुपए जुर्माना वसूला गया

बीजापुर (हिन्दसत)। सड़क सुरक्षा को लेकर बीजापुर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव के निर्देशन एवं यातायात प्रभारी उप निरीक्षक केशव ठाकुर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान तेज रफ्तार वाहन चलाने, प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने तथा बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा कुल 23 प्रकरण दर्ज करते हुए 17 हजार 1सौ रुपए समन शुल्क के रूप में जुर्माना वसूला गया।
यातायात पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की।
यातायात प्रभारी केशव ठाकुर ने बताया कि यातायात नियमों का पालन कर न केवल स्वयं की बल्कि अन्य लोगों की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है। सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है।



