नक्सल मुक्त से नशा मुक्ति की ओर: मोदकपाल बाजार में पुलिस का जनजागरूकता अभियान
साइबर सुरक्षा, यातायात नियम और नशामुक्ति पर ग्रामीणों को किया जागरूक

बीजापुर (हिन्दसत)। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे बीजापुर जिले में अब पुलिस नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए भी सक्रिय पहल कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को मोदकपाल साप्ताहिक बाजार में “मावा पुलिस केतुल” अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। यातायात नोडल अधिकारी एवं उप पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार साहू ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है।
रोड सेफ्टी सेल के अवध सिन्हा ने सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के महत्व की जानकारी दी। वहीं साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीणों को OTP, बैंकिंग जानकारी और UPI PIN किसी से साझा न करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाना से संपर्क करने की अपील की गई।
थाना प्रभारी आकाश मसीह ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास को सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए ग्रामीणों से अपराध, नशा और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डीआरजी जवानों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा, जिसमें नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और यातायात जागरूकता का संदेश मनोरंजक ढंग से दिया गया। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।


