पामेड़ में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध सागौन चिरान और रेंदा मशीन जप्त
घर में छापेमारी कर बरामद की सागौन लकड़ी, वन अपराध दर्ज

बीजापुर (हिन्दसत)। वन एवं वन्य संपदा की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन विभाग ने पामेड़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित सागौन चिरान और एक रेंदा मशीन जप्त की है। कार्रवाई वनमण्डलाधिकारी जाधव सागर रामचंद्र एवं उप वनमण्डलाधिकारी आवापल्ली के निर्देशन में की गई।
वन अमले ने ग्राम पामेड़ निवासी पवन कुमार गडपा के घर पर छापेमारी की, जहां तलाशी के दौरान सागौन चिरान (पलंग फ्रेम सहित) कुल 15 नग बरामद हुए। जप्त लकड़ी की कुल मात्रा 0.202 घन मीटर पाई गई। इसके अलावा बढ़ईगिरी कार्य में उपयोग की जाने वाली एक रेंदा मशीन भी बरामद की गई।
वन विभाग के अनुसार जप्त रेंदा मशीन की अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये तथा सागौन काष्ठ का मूल्य 14 हजार 631 रुपये आंका गया है। मामले में पी.ओ.आर. क्रमांक 9761/17, दिनांक 24 जुलाई 2026 के तहत वन अपराध दर्ज कर जप्त सामग्री को काष्ठागार डिपो बीजापुर में सुरक्षित जमा कराया गया है।
वन अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध कटाई, परिवहन और काष्ठ के अवैध भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने नागरिकों से भी वन एवं वन्य संपदा की सुरक्षा में सहयोग करने तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
वन माफियाओं पर जारी रहेगा शिकंजा : डीएफओ
वनमण्डलाधिकारी जाधव सागर रामचंद्र ने कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और वन अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।


