Breaking News

हरेली तिहार एवं गोंड़ समाज भवन लोकार्पण समारोह 12 अगस्त को

विधायक विक्रम शाह मंडावी होंगे मुख्य अतिथि, समाज के सेवानिवृत्त एवं स्थानांतरित कर्मचारियों का होगा सम्मान

बीजापुर (हिन्दसत)। गोंड़ समाज बीजापुर द्वारा 12 अगस्त को हरेली तिहार (पंडूम) एवं नवनिर्मित गोंड़ समाज भवन के लोकार्पण समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम गोंड़ समाज भवन, आर.ई.एस. कॉलोनी नार्र, बीजापुर में आयोजित होगा। आयोजन समिति ने समाज के सभी सगा-जनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

आयोजकों के अनुसार प्रकृति, पर्यावरण और कृषि से जुड़े पारंपरिक पर्व हरेली तिहार के अवसर पर पुरुड़ के प्रथम पडूम के प्रति जोहार एवं आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान हरेली तिहार मनाने के साथ-साथ गोंड़ समाज भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा।

समारोह के मुख्य अतिथि बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोंड़ समाज बीजापुर के अध्यक्ष जनकलाल नेताम करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में माटी पुजारी सुखलाल पुजारी, संरक्षक सी.एस. नेताम, भावसिंह भास्कर, अध्यक्ष कामेश्वर दुब्बा, गोंड़वाना समाज समन्वय समिति के जिला अध्यक्ष अमित कोरसा, सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष जग्गू तेलामी एवं अशोक तलाण्डी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष ललित नरेटी मुख्य वक्ता के रूप में समाजजनों को संबोधित करेंगे। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, पार्षद यशोदा पैंकरा, विभिन्न ब्लॉकों के समाज अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों की भी उपस्थिति रहेगी।

आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे सेवा अर्जी से होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजजनों, सेवानिवृत्त एवं स्थानांतरित कर्मचारियों का सम्मान भी किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से अतिथियों का उद्बोधन होगा।

गोंड़ समाज बीजापुर ने समाज के सभी लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर हरेली तिहार एवं समाज भवन लोकार्पण समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया है।

Related Articles

Back to top button