Breaking News

वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर सीआरपीएफ और विद्यार्थियों ने किया सामूहिक राष्ट्रगीत गायन

बाइक रैली के साथ दिया राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश

बीजापुर (हिन्दसत)। वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 196वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वारा केंद्रीय विद्यालय बीजापुर में सामूहिक राष्ट्रगीत गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा सीआरपीएफ अधिकारियों और जवानों ने एक साथ ‘वन्दे मातरम्’ का गायन कर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।

कमांडेंट कुमार मनीष के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता द्वितीय कमान अधिकारी गोपाल सिंह बुनकर ने की। इस दौरान केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सीआरपीएफ जवानों के साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया। विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम से पूर्व 196वीं बटालियन सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवानों ने महादेव घाटी स्थित बटालियन मुख्यालय से केंद्रीय विद्यालय बीजापुर तक बाइक रैली निकाली। राष्ट्रीय राजमार्ग-63 से होकर निकली रैली में जवानों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्र एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उप कमांडेंट कुणाल किशोर, उप कमांडेंट गुलशन तिर्की, सहायक कमांडेंट लोकेश यादव, चिकित्साधिकारी डॉ. शुभम नितिन पवार, निरीक्षक प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। वहीं केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य दशरथ तथा शिक्षकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सीआरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ का यह आयोजन नई पीढ़ी को राष्ट्रगीत के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने और उनमें देशभक्ति, एकता तथा अखंडता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। तिरंगों के बीच राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन और देशभक्ति के जोश ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।

Related Articles

Back to top button