Breaking News

नक्सल प्रभावित क्षेत्र के जवानों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संपन्न

जिला अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया परामर्श

बीजापुर। 14वीं वाहिनी (भा.र.) छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की ‘बी’ कंपनी कैम्प तारूड़ में मंगलवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य नक्सल प्रभावित अंदरूनी क्षेत्र में तैनात अधिकारियों और जवानों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं जिला बीजापुर की सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर ने किया। शिविर में जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया गया तथा चिकित्सकीय पर्ची के आधार पर निःशुल्क दवाइयों और स्वास्थ्य किट का वितरण किया गया।

शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, नेत्र जांच एवं मलेरिया जैसी आवश्यक स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। साथ ही डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने जवानों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और संतुलित पोषण के महत्व के संबंध में जानकारी दी।

मेडिकल टीम में सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर, आई स्पेशलिस्ट डॉ. तरूण कुमार, एमडी मेडिसिन डॉ. राहुल राठौर, मेडिकल ऑफिसर डॉ. रजत ठाकुर, नेत्र अधिकारी अर्जुन प्रधान, फार्मासिस्ट जयशंकर तथा डॉ. जेंडी सत्यनारायणा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।

इस अवसर पर 14वीं वाहिनी की सेनानी मोनिका ठाकुर ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जवानों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ जवान ही अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन कर सकते हैं, इसलिए इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे।

स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जवानों ने लाभ उठाया।

Related Articles

Back to top button