मध्यप्रदेश

23 जून को डिजिटल रैली को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री, प्रदेश के 38 लाख कार्यकर्ता करेंगे शिरकत

इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर देशभर के साथ प्रदेशभर में भारतीय जनता पार्टी महाजनसंपर्क अभियान चला रही है। प्रदेश में भी 30 मई से 30 जून तक प्रदेशभर में बड़े नेताओं के दौरे होंगे। भाजपा नेता-कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काम को बताने घर-घर जाएंगे।

  • इंदौर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा है कि भाजपा ने 543 लोकसभाओं को 144 कलस्टरों में बांटा है। हर क्लस्टर में तीन से चार लोकसभाओं को शामिल किया गया है। हर क्लस्टर में भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता 8 दिन गुजारेंगे। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की दो टोलियां बनाई गई हैं। मध्यप्रदेश में 8 क्लस्टर बनाए गए हैं, जिसमें 16 केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी नेता भाग लेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसम्पर्क अभियान शुरू किया है। इस अभियान में मध्यप्रदेश की 29 लोकसभाओं में सभाएं, 30 से अधिक प्रेस कांफ्रेंस, 30 हजार से अधिक विशिष्ट परिवारों से संपर्क और सरकार की योजनाओं के लगभग 5 करोड़ लाभार्थियों से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता संपर्क करेंगे। इसके साथ ही लोकसभा, विधानसभा एवं प्रदेश के 65 हजार से अधिक बूथों पर अलग-अलग कार्यक्रम होंगे।

टोली 20 से 30 जून तक घर-घर जाएगी

शर्मा ने प्रदेश में विशेष जनसम्पर्क अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा का हर मोर्चा अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करेगा। व्यापारियों से संवाद, सोशल मीडिया कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सरकार ने हर लोकसभा में बड़े-बड़े काम किए हैं। हम उसे नव भारत के विकास तीर्थ के रूप में मानते हैं। हमारे कार्यकर्ता एवं नेता उस विकास तीर्थ पर जाएंगे। हर बूथ पर भाजपा कार्यकर्ताओं की टोली 20 जून से लेकर 30 जून तक घर-घर जाएगी। शर्मा ने बताया कि सभी 29 लोकसभाओं में बुद्धिजीवी व्यक्तियों के साथ सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 25 जून (इमर्जेन्सी) को भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस ने लोकतंत्र को कैसे नष्ट किया था, इस पर डॉक्यूमेंटरी दिखाई जाएगी।

सोशल मीडिया के प्रमुख इंफ्लुएंसर्स के साथ संवाद किया जाएगा। लोकसभा के व्यापारिक केंद्र पर व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश की 230 विधानसभाओं में 8 दिन की जिला स्तरीय टू व्हीलर युवा यात्रा के दौरान शहर के मुख्य स्थलों, गांव मोहल्ले में नुककड़ सभाओं, खेल प्रतियोगिताओं, युवा अचीवर्स का सम्मान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही प्रदेश के 1078 मंडलों में 18 से 25 वर्ष की आयु के मतदाताओं के साथ सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button