खुले सोख्ता गड्ढे में गिरकर मासूम की मौत, पंचायत की लापरवाही पर उठे सवाल

उसूर ब्लॉक के वेंगुपारा गांव की घटना, ग्रामीणों में आक्रोश
बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के उसूर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत गलगम के वेंगुपारा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हैंडपंप के पास खुले पड़े सोख्ता गड्ढे में गिरने से बच्ची रोजा अवलम की जान चली गई।
बताया जा रहा है कि गांव में हैंडपंप के पास बने सोख्ता गड्ढे को लंबे समय से खुला छोड़ दिया गया था। खेलते-खेलते बच्ची अचानक गड्ढे में गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने पंचायत पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खुले गड्ढे को ढंकने या सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए थे, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि कई बार पंचायत को इस संबंध में अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद परिजनों ने प्रशासन से मुआवजा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की सहायता नहीं मिली है।
जनपद पंचायत उसूर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पी.के. चंद्राकर ने बताया कि ग्राम पंचायत गलगम में कार्य प्रगति पर है तथा पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।



