Breaking News

अवैध सागौन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3.422 घन मीटर लकड़ी जप्त

किस्टाराम और गोलापल्ली वन परिक्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई, कीमत करीब ₹4 लाख

सुकमा (हिन्दसत)। वन विभाग ने अवैध कटाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 3.422 घन मीटर सागौन लकड़ी जप्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई वन परिक्षेत्र किस्टाराम और गोलापल्ली में अलग-अलग प्रकरणों में की गई।

वन परिक्षेत्र किस्टाराम अंतर्गत बीट धर्मपेंटा में मुखबिर से सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान आरक्षित वन कक्ष क्रमांक RF 1025 में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से काटकर रखे गए सागौन के 21 नग लट्टे बरामद किए गए। वन अमले ने लकड़ी को तत्काल जप्त कर डिपो किस्टाराम लाया। जप्त सामग्री में 21 नग सागौन लट्टा शामिल हैं, जिनका कुल आयतन 1.422 घन मीटर है। मामले में प्रकरण क्रमांक P.O.R. दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा अज्ञात आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।

इसी तरह वन परिक्षेत्र गोलापल्ली में रात्रि गश्त के दौरान दो अन्य प्रकरणों में लगभग 2 घन मीटर अवैध सागौन लकड़ी जप्त की गई। इन मामलों में भी P.O.R. दर्ज कर जांच जारी है।

पूरी कार्रवाई उपवनमंडलाधिकारी कोन्टा राहुल देवांगन, वन परिक्षेत्र अधिकारी किस्टाराम ईश्वर बघेल तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी गोलापल्ली प्रसाद राव के निर्देशन में संयुक्त रूप से की गई। वन विभाग ने क्षेत्र में सघन गश्त जारी रखते हुए अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button