बीजापुर को मिली विकास की नई रफ्तार: 140 करोड़ से अधिक की सड़कों और योजनाओं की सौगात

44 नई सड़कें, 158.74 किमी निर्माण; 23 तालाब और डिजिटल सुविधा केंद्र की स्वीकृति
बीजापुर (हिन्दसत)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बीजापुर जिले के विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जशपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-04) के तहत बीजापुर जिले को 140.82 करोड़ रुपये की लागत से 158.74 किलोमीटर लंबी पक्की सड़कों की सौगात दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने की। इस दौरान वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया, जिसे लंबे समय से माओवाद प्रभावित रहे जिले के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा
“मोर गांव मोर पानी मोर तरिया” योजना के अंतर्गत “तरिया आय का जरिया” अभियान के तहत जिले में 23 नए तालाबों के निर्माण की स्वीकृति दी गई। इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही जिले को अटल डिजिटल सुविधा केंद्र की सौगात भी मिली, जिससे डिजिटल सेवाएं गांव-गांव तक पहुंच सकेंगी।

44 सड़कों का होगा निर्माण
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले में कुल 44 सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी कुल लंबाई 158.74 किलोमीटर होगी। इससे दूरस्थ और अब तक कनेक्टिविटी से वंचित गांव मुख्य मार्गों से जुड़ सकेंगे।

- भैरमगढ़ ब्लॉक: 85.60 किमी सड़क, लागत 77.75 करोड़ रुपये
- भोपालपटनम क्षेत्र: 30.28 किमी सड़क, लागत 25.45 करोड़ रुपये
- उसूर क्षेत्र: 25.30 किमी सड़क, लागत 23.12 करोड़ रुपये
- बीजापुर क्षेत्र: 17.56 किमी सड़क, लागत 14.50 करोड़ रुपये
इन सड़कों के निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
विकास की मुख्यधारा में लौटता बीजापुर
करीब चार दशकों तक माओवाद से प्रभावित रहने के कारण बीजापुर जिले में आधारभूत सुविधाओं का विकास काफी पीछे रह गया था। अब सड़क कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा में तेजी से शामिल हो रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, उपाध्यक्ष पेरे पुल्लैया, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी, मैथ्यूस कुजूर, कलेक्टर संबित मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे, भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जनपद अध्यक्ष और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को जिले के लिए विकास की नई शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न केवल बीजापुर के भौगोलिक अलगाव को कम करेगी, बल्कि सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की नई दिशा तय करेगी।


