Breaking News

महिला आरक्षण पर कांग्रेस पर हमला, नारी नेतृत्व का युग शुरू : जानकी कोरसा

राजू पुजारी आत्महत्या मामले पर भाजपा जिलाध्यक्ष बोले— आरोपों की जांच हो, पंचायत विवाद पर उच्चस्तरीय शिकायत की तैयारी

बीजापुर (हिन्दसत)। जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की नकारात्मक सोच महिलाओं के हितों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों पर वार के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है और अब समय बदल चुका है— “नारी तुझे सलाम नहीं, अब नारी नेतृत्व का युग है।”

भाजपा अटल सदन कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में महिलाएं कांग्रेस के “दोहरे चरित्र” को उजागर करने के लिए एकत्र हुई हैं। उनका आरोप था कि कांग्रेस ने करीब 30 वर्षों तक महिला आरक्षण बिल को चुनावी मुद्दा बनाकर रखा, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 संसद के दोनों सदनों से पारित कर कानून बनाया गया। उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण के प्रावधान का कांग्रेस द्वारा विरोध महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है।

प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने प्राथमिक शाला पालनार के प्रधान अध्यापक स्वर्गीय राजू पुजारी की आत्महत्या के मामले में बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी द्वारा भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व ठेकेदार जागर लक्षमैया के शामिल होने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जांच का विषय है और तथ्य सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

उन्होंने जिला पंचायत में सीईओ और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच चल रहे विवाद का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस संबंध में कलेक्टर, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को शिकायत करने की तैयारी की जा रही है, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।

इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष माया झाड़ी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिहर सहनी, महिला मोर्चा जिला महामंत्री पुष्पा सिन्हा, पूजा पोदी, संगीता दासार, वर्षा देवी, सुनीता तिवारी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button