Breaking News

ईमानदार शिक्षक को प्रताड़ना देकर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया : विधायक विक्रम मंडावी

सुसाइड नोट में ठेकेदार, इंजीनियर और भाजपा नेता का नाम, न्यायिक जांच की मांग

बीजापुर (हिन्दसत)। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय बीजापुर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्राथमिक शाला पालनार में पदस्थ प्रधान अध्यापक स्वर्गीय राजू पुजारी की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों, इंजीनियर और संबंधित कर्मचारियों द्वारा मानसिक प्रताड़ना एवं दबाव बनाए जाने के कारण शिक्षक आत्महत्या करने को मजबूर हुए। विधायक ने इसे सामान्य आत्महत्या नहीं बल्कि भ्रष्टाचार छिपाने के लिए ईमानदार शिक्षक की “हत्या” बताया।

निर्माण कार्य को लेकर था दबाव, परिवार ने लगाए आरोप

विधायक ने बताया कि परिवारजनों के अनुसार प्राथमिक शाला पालनार का निर्माण कार्य लगभग 20 लाख 30 हजार रुपये की लागत से किया जा रहा था। निर्माण की गुणवत्ता को लेकर स्वर्गीय राजू पुजारी लगातार आपत्ति दर्ज करा रहे थे। आरोप है कि ठेकेदार और इंजीनियर द्वारा घटिया निर्माण कराया जा रहा था, जिसकी शिकायत उन्होंने कई बार अधिकारियों से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा निर्माण राशि जारी करने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया गया, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हो गए और अंततः आत्महत्या कर ली।

सुसाइड नोट में कई नामों का उल्लेख

प्रेस वार्ता में विधायक ने कहा कि मृतक शिक्षक के पास से मिले सुसाइड नोट में ठेकेदार देवाशीष मंडल, इंजीनियर शैलेश वासम और कर्मचारी छवितेश डोंगरे के नाम दर्ज हैं। इसके अलावा मुख्य ठेकेदार जागर लक्ष्मैया का नाम भी उल्लेखित बताया गया है। विधायक ने आशंका जताई कि भाजपा अपने कार्यकर्ता को बचाने का प्रयास कर सकती है और आरोप लगाया कि सरकार में भ्रष्टाचार को संरक्षण मिल रहा है।

सरकार से पूछे गए प्रमुख सवाल

विधायक विक्रम मंडावी ने डबल इंजन सरकार से कई सवाल उठाए—

  1. निर्माण कार्य का मुख्य ठेकेदार और पेटी ठेकेदार कौन था?
  2. कार्य एजेंसी कौन थी?
  3. प्रशासकीय स्वीकृति 20 लाख 30 हजार रुपये होने और कार्य एजेंसी शाला प्रबंधन समिति (SMC) होने के बावजूद ठेका कैसे दिया गया?
  4. ठेकेदार को किसके इशारे पर काम सौंपा गया?
  5. DMC/DEO की इसमें क्या भूमिका रही?
  6. इस कथित घोटाले में और कितने लोग शामिल हैं?
न्यायिक जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

विधायक ने पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सभी दोषियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और स्वर्गीय राजू पुजारी के परिवार को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई और दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया तो परिवारजनों और ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।

 

प्रेस वार्ता में मौजूद रह रहे हैं

प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत राव ताटी, राजेश जैन, प्रवीण डोंगरें, ज्योति कुमार, पुरुषोत्तम खत्री, पुरुषोत्तम सल्लूर, दिनेश पुजारी, सतेंद्र पंत, राजीव सिंह, सम्माराम हेमला, इद्रीश ख़ान तथा जगदीश सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button