मावा पुलिस अभियान: मोदकपाल में बहुआयामी जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पुलिस-जन संवाद, महिला सुरक्षा, यातायात नियम और साइबर अपराधों पर दी गई जानकारी

बीजापुर (हिन्दसत)। सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने और आमजन को विधिक व सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “मावा पुलिस” अभियान के तहत ग्राम मोदकपाल में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा साइबर क्राइम शाखा के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।
कार्यक्रम में थाना मोदकपाल के प्रभारी निरीक्षक आकाश मसीह ने पुलिस-जन संवाद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से तत्काल संपर्क करने और सूचनाएं साझा करने की अपील की। उन्होंने महिलाओं से संबंधित कानूनों एवं सुरक्षा प्रावधानों की भी जानकारी दी और समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने में जनसहभागिता पर जोर दिया।

यातायात प्रभारी उप निरीक्षक केशव सिंह ठाकुर ने यातायात नियमों, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जागरूक किया। रोड सेफ्टी सेल के आरक्षक अवध राम सिन्हा ने सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
साइबर क्राइम शाखा की भारती देवांगन ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा न करने तथा सोशल मीडिया सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की शीला भारद्वाज ने सखी वन स्टॉप सेंटर, बाल विवाह निषेध, महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण तथा पीड़ित महिलाओं को मिलने वाले भरण-पोषण भत्ते के प्रावधानों की जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में शांति और विकास की दिशा में सकारात्मक वातावरण बनने के बाद “मावा पुलिस” अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिक कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक हो सकें।ग्रामीणों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी, यातायात स्टाफ तथा थाना मोदकपाल का पुलिस बल उपस्थित रहा।



