Breaking News

तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन 2026 के लिए नई दरें जारी, प्रति मानक बोरा 5500 रुपये होगा पारिश्रमिक

वनोपज संघ ने जारी की दर सूची; गुणवत्ता सुधार और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की अपील

बीजापुर (हिन्दसत)। ‘हरा सोना’ कहे जाने वाले तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन 2026 के लिए छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ द्वारा शासकीय दरें जारी कर दी गई हैं। 

जारी सूची के अनुसार संग्रहण पारिश्रमिक दर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा (5.5 रुपये प्रति गड्डी) निर्धारित की गई है।

इसके अतिरिक्त फड़ों पर विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग दरें तय की गई हैं। फड़ों पर उल्टाई-पल्टाई के लिए 20 रुपये प्रति मानक बोरा, वर्षा की स्थिति में गड्डी झटकाई के लिए 20 रुपये प्रति मानक बोरा निर्धारित किया गया है। वहीं ढेरी लगाना, सिंचाई, बोराभराई एवं सिलाई कार्य के लिए 92 रुपये प्रति मानक बोरा और फड़मुंशी कमीशन 65 रुपये प्रति मानक बोरा तय किया गया है।

वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ ने स्पष्ट किया है कि उल्टाई-पल्टाई, झटकाई और बोराभराई जैसे कार्य समिति द्वारा चयनित दल के व्यक्तियों द्वारा ही किए जाएंगे। यह व्यवस्था प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति और जिला वनोपज सहकारी यूनियन के माध्यम से लागू की जाएगी।

संग्रहणकर्ताओं से अपील की गई है कि वे फड़ों पर अच्छी गुणवत्ता के तेंदूपत्तों की 50 पत्तों की गड्डी बनाकर ही विक्रय के लिए लाएं, ताकि उन्हें निर्धारित दरों का पूरा लाभ मिल सके।

तेंदूपत्ता संग्रहण ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के हजारों परिवारों के लिए आय का प्रमुख स्रोत है, ऐसे में दरों की घोषणा से संग्रहणकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button