Breaking News

बीजापुर में खाद्य विभाग की कार्रवाई पर गरमाया माहौल, एक्सपायरी सामान पर सख्ती से व्यापारी नाराज

जुर्माना, जब्ती और बिना सूचना कार्रवाई पर उठे सवाल; प्रशासन ने कहा—पहले समझाइश, फिर सख्ती

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में खाद्य विभाग द्वारा एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ हाल ही में की गई चलानी कार्रवाई के बाद माहौल गरमा गया है। कार्रवाई से नाराज व्यापारी वर्ग ने जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में अपनी आपत्तियां खुलकर रखीं। बैठक एसडीएम जागेश्वर कौशल की मौजूदगी में हुई, जिसमें प्रशासन और व्यापारियों के बीच लंबी चर्चा चली।

प्रशासनिक जांच के दौरान कई दुकानों में एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई थी। हालांकि, इस पर व्यापारियों की नाराजगी ने अब बहस को जन्म दे दिया है कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और कार्रवाई की प्रक्रिया—दोनों में संतुलन कैसे बनाया जाए।

बैठक में व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना, नोटिस या समझाइश के सीधे कार्रवाई की गई, जो उचित नहीं है। उन्होंने जब्ती की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि छोटे व्यापारियों के लिए 30 हजार रुपये तक का जुर्माना भरना बेहद कठिन है और इससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।

व्यापारी वर्ग ने यह भी माना कि खाद्य सामग्री की पैकिंग और प्लास्टिक (झिल्ली) के उपयोग में सुधार की जरूरत है और वे नियमों का पालन करेंगे। साथ ही उन्होंने फुटकर विक्रेताओं से जब्त की गई सामग्री वापस करने की मांग भी रखी।

एसडीएम जागेश्वर कौशल ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र अब नक्सल प्रभाव से उबर रहा है और ऐसे में सभी को मिलकर व्यवस्था और विकास को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा के मामलों में पहले समझाइश दी जाएगी, लेकिन नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई तय है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, फूड लाइसेंस और व्यापार लाइसेंस अनिवार्य रूप से रखने तथा स्याही या प्रिंटेड कागज में खाद्य सामग्री न देने के निर्देश दिए।

बैठक में सड़क किनारे अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा। प्रशासन ने चेतावनी दी कि सूचना के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।

इस दौरान एसडीएम जागेश्वर कौशल, बीएमओ डॉ. विकास गभेल, श्रम निरीक्षक सोपान करणेवार, नगर पालिका सीएमओ बंसीलाल नुरेटी, खाद्य निरीक्षक देवांगन, ट्रैफिक पुलिस उप निरीक्षक केशव ठाकुर सहित व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजू गांधी, ईश्वर सोनी, बबलू राठी, पूर्व अध्यक्ष सुनील साहू, आदित्य मिश्रा, दिनेश, नरेश और अन्य व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button