डिजिटल शिक्षा और कैरियर काउंसलिंग से बच्चों को मिलेगी भविष्य की सही दिशा : गजेन्द्र यादव
पुसनार पोटा केबिन का निरीक्षण कर बच्चों से गोंडी में किया संवाद, शिक्षा के साथ संस्कार, खेल और रचनात्मक गतिविधियों पर दिया जोर

बीजापुर (हिन्दसत)। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बीजापुर जिले के प्रवास के दौरान पुसनार स्थित पोटा केबिन आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया तथा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा और कैरियर काउंसलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके भविष्य के लिए सही दिशा मिल सकती है।

मंत्री ने आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ प्रार्थना, प्रेरणा गीत, महापुरुषों की जीवनी, खेलकूद, योग और संगीत जैसी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जानी चाहिए।
पुसनार पोटा केबिन में उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, भोजन, शयनकक्ष और स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन किया तथा ब्रीज कोर्स के विद्यार्थियों से आत्मीयता के साथ गोंडी भाषा में संवाद किया। उन्होंने बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए अधीक्षकों और शिक्षकों को स्वच्छता एवं सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में एलईडी स्क्रीन, प्रोजेक्टर, स्मार्ट टीवी और लर्निंग बोर्ड के माध्यम से डिजिटल शिक्षा को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विद्यालयों में यू-डाइस कोड के अंतर्गत विद्यार्थियों की प्रविष्टि समय पर पूर्ण करने तथा हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में कैरियर काउंसलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने, आवासीय विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा विद्यालयों को मिलने वाली अनुदान राशि का पारदर्शिता के साथ उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने जिले के चार स्कूलों में बैंड दल गठन के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।
बैठक में कलेक्टर विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं आवासीय विद्यालयों के अधीक्षक उपस्थित रहे।


