Breaking News

शिक्षा मंत्री के दौरे के बीच बीजापुर में बवाल, नाबालिग छात्रा के कथित अपहरण मामले में गरमाई सियासत

विधायक विक्रम मंडावी ने लगाया आरोप आदिवासी मुख्यमंत्री के सरकार में आदिवासी छात्राएं सुरक्षित नहीं

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के दौरे के बीच एक आदिवासी नाबालिग छात्रा के कथित अपहरण और जबरन विवाह का मामला राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है। कन्या पोटाकेबिन में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत छात्रा को दूसरे राज्य ले जाकर जबरन शादी कराने के आरोप लगाए गए हैं।

मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजन बासागुड़ा थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। वहीं बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने घटना को गंभीर बताते हुए भाजपा सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं।

विधायक मंडावी ने आरोप लगाया कि आदिवासी छात्राएं सुरक्षित नहीं हैं तथा पोटाकेबिनों में लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद जिम्मेदारों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि छात्रावासों और पोटाकेबिनों में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह अत्यंत गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रशासन और पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button