Breaking News

नीलमडगु के जंगलों से हथियार और गोला-बारूद का जखीरा बरामद, बीजापुर पुलिस को बड़ी सफलता

नक्सल विरोधी अभियान के तहत संयुक्त सुरक्षा बल की कार्रवाई, नदी किनारे छिपाकर रखा गया था हथियारों का डंप

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत बीजापुर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना भोपालपटनम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नीलमडगु के जंगलों से संयुक्त सुरक्षा बल ने हथियार और गोला-बारूद का डंप बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 01 सितम्बर को थाना भोपालपटनम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नीलमडगु के जंगल में नदी किनारे संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना की तस्दीक एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संयुक्त सुरक्षा दल को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।

सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नदी किनारे एक कटे हुए पेड़ के खोखर (होल) के भीतर लावारिस हालत में छिपाकर रखा गया हथियारों एवं गोला-बारूद का डंप बरामद किया। बरामद सामग्री को विधिवत जब्त कर सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया है।

पुलिस ने मौके से 12 बोर का एक देशी कट्टा, एक टूटी हुई बीजीएल राइफल, आठ बीजीएल सेल, 12 बोर देशी कट्टा के 10 जिंदा राउंड, तीन सेल कैप, एक पेचकस तथा एक पिट्ठू बैग बरामद किया है।

यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में एसडीओपी भोपालपटनम घनश्याम कामड़े, थाना प्रभारी मुकेश पटेल, डीआरजी बीजापुर, बीडीएस टीम एवं थाना भोपालपटनम पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button