Breaking News

आईईडी विस्फोट में DRG के 3 जवान शहीद, एक गंभीर घायल

कांकेर-नारायणपुर सीमा पर डी-माइनिंग ऑपरेशन के दौरान बड़ा हादसा

कांकेर (हिन्दसत)। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में एंटी-नक्सल अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। नारायणपुर जिले की सीमा से लगे छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में आईईडी विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों की टीम नियमित अभियान के तहत डी-माइनिंग, एरिया डॉमिनेशन और सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना हुई थी। इस दौरान जवान माओवादियों द्वारा पूर्व में प्लांट किए गए आईईडी को खोजकर निष्क्रिय करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में चार जवान आ गए।

घटना में इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले गंभीर रूप से घायल हुए और मौके पर ही शहीद हो गए। वहीं कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घटना की पुष्टि करते हुए बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने बड़ी संख्या में आईईडी बरामद कर निष्क्रिय किए हैं। क्षेत्र में लगातार डी-माइनिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों और जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आईईडी को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया के दौरान ही विस्फोट हो गया, जिससे यह बड़ा नुकसान हुआ।

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सर्चिंग ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद बस्तर क्षेत्र में शोक की लहर है। शहीद जवानों को पुलिस विभाग और प्रशासन द्वारा श्रद्धांजलि दी जा रही है, वहीं उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Back to top button