तीन राज्यों में भाजपा-एनडीए की जीत पर बीजापुर में जश्न, बंगाल में ऐतिहासिक सफलता
विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद की विजय – महेश गागड़ा

बीजापुर (हिन्दसत)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणामों में भाजपा-एनडीए को मिली जीत के बाद जिले में उत्साह का माहौल रहा। जिला मुख्यालय से लेकर भैरमगढ़ तक कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। मेन रोड बीजापुर में भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग के नेतृत्व में विजय उत्सव आयोजित किया गया, जहां पटाखे फोड़कर आतिशबाजी की गई और मिठाई बांटकर खुशी जताई गई।

पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने इस जीत को विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद की विजय बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता वहां के एक-एक कार्यकर्ता के संघर्ष का परिणाम है, जिन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार मेहनत की। उनके मुताबिक, यह जीत राज्य में नई शुरुआत का संकेत है। गागड़ा ने असम में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने को संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और शीर्ष नेतृत्व के प्रभावी मार्गदर्शन का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का विश्वास बढ़ा है, जिसने पार्टी को मजबूत जीत दिलाई। पुडुचेरी में पार्टी के प्रदर्शन को भी उन्होंने सकारात्मक बताया।
भैरमगढ़ में भी कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। महेश गागड़ा ने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

