हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर: स्कॉर्पियो की टक्कर से हिरण की मौत, वाहन जब्त
भैरमगढ़ के फूडरी इलाके में हादसा, देर शाम होने से आज होगा पोस्टमार्टम

भैरमगढ़ (हिन्दसत)। एनएच-63 जगदलपुर–बीजापुर हाईवे पर सोमवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक स्कॉर्पियो वाहन की टक्कर से एक हिरण की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सामान्य वन परिक्षेत्र भैरमगढ़ के अंतर्गत फूडरी इलाके में शाम करीब 4:30 बजे हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, हिरण सड़क पार कर रही थी, तभी तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो (सीजी 17 सीजी 5059) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हिरण ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
भैरमगढ़ वन परिक्षेत्र (सामान्य) के रेंजर जे.के. साहू ने बताया कि गीदम रोड से छोटे तुमनार की ओर जा रही स्कॉर्पियो की चपेट में आने से यह घटना हुई। वन विभाग ने वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

गौरतलब है कि यह क्षेत्र इंद्रावती टाइगर रिजर्व से जुड़ा हुआ है, जहां वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन जंगली जानवरों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं।
वन विभाग के अनुसार इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेतक और वन्यजीव कॉरिडोर विकसित करना आवश्यक है। यह घटना एक बार फिर वन्यजीव संरक्षण और सड़क सुरक्षा के बीच संतुलन बनाए रखने की जरूरत को बल मिलता नजर आ रहा है।



