Breaking News

तारलागुड़ा में रेत के कथित खेल पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने मांगी निष्पक्ष जांच

मशीनों से उत्खनन और बड़े पैमाने पर भंडारण के आरोप, राजस्व हानि व पर्यावरणीय नुकसान की आशंका

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के भोपालपटनम तहसील के तारलागुड़ा नदी क्षेत्र में रेत के कथित अवैध उत्खनन और भंडारण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने नदी तट से बड़े पैमाने पर रेत निकासी, नियमों के उल्लंघन तथा प्रशासनिक निगरानी की कमी के आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 

 

ग्रामीणों के अनुसार नदी किनारे भारी मात्रा में रेत का भंडारण किया गया है, लेकिन संबंधित स्थल पर किसी प्रकार का सूचना पटल या वैधानिक जानकारी प्रदर्शित नहीं की गई है। इससे भंडारण की अनुमति, मात्रा और प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेत उत्खनन में पोकलेन, चेन माउंट सहित अन्य भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। यदि जांच में यह तथ्य सही पाए जाते हैं तो यह गौण खनिज नियमों के उल्लंघन का मामला बन सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि अनियंत्रित उत्खनन से नदी के प्राकृतिक स्वरूप, जलस्तर और पर्यावरणीय संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि खनन का पट्टा ग्राम पंचायत के नाम होने की चर्चा है, जबकि भंडारण किसी अन्य व्यक्ति के जिम्मे होने की जानकारी सामने आ रही है। इससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

ग्रामीणों ने संयुक्त निरीक्षण, रेत भंडारण का मापन, मशीनों की जांच और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब पूरे मामले में प्रशासन और खनिज विभाग की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button