Breaking News

बीजापुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, सड़े-गले फल जब्त कर कराए गए नष्ट

फल बाजार में छापेमारी से मचा हड़कंप, खराब आम, केले और संतरे हटवाए गए; पनीर का नमूना जांच के लिए रायपुर भेजा

बीजापुर (हिन्दसत)। आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए शहर के फल बाजार में व्यापक जांच अभियान चलाया। गर्मी के मौसम में फलों की बढ़ती खपत के बीच विभाग की टीम ने कई दुकानों पर दबिश देकर सड़े-गले और खराब फलों की बिक्री पर रोक लगाई तथा बड़ी मात्रा में खराब फल नष्ट कराए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में अभिहीत अधिकारी डी.के. देवांगन के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित गुप्ता ने शहर के छोटे-बड़े फल विक्रेताओं और थोक कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मेसर्स अनित जायसवाल फल भंडार में लगभग 15 किलो खराब आम ताजे फलों के बीच रखे मिले। टीम ने तत्काल उन्हें अलग करवाकर नष्ट करने की कार्रवाई की।

निरीक्षण के दौरान अन्य दुकानों में भी करीब 3 किलो आम, 5 दर्जन केले और 1 किलो संतरे खराब अवस्था में पाए गए। विभाग ने इन सभी फलों को बिक्री से हटवाकर नष्ट कराया और दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी। कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान से एनालॉग पनीर का नमूना भी लिया गया, जिसे गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खराब खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button