Breaking News

परधानपारा प्राथमिक शाला के नवीन भवन का लोकार्पण, बच्चों को मिली बेहतर शैक्षणिक सुविधा

जनप्रतिनिधियों के किया पाठ्य सामग्री का छात्रों के बीच वितरण

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के तोयनार क्षेत्र स्थित पुनः संचालित प्राथमिक शाला परधानपारा के नवीन भवन का शनिवार को जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में लोकार्पण किया गया। नए भवन के शुरू होने से अब विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उल्लेखनीय है कि प्राथमिक शाला परधानपारा का पुनः संचालन शैक्षणिक सत्र 2024-25 में प्रारंभ किया गया था। विद्यालय का संचालन अब तक अस्थायी शेड में किया जा रहा था। विद्यार्थियों की सुविधा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा नवीन शाला भवन का निर्माण कराया गया।

नवीन भवन का उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य मथियस कुजूर, सरपंच मुन्नी कुड़ियम, उपसरपंच भीमा तेलम, खंड शिक्षा अधिकारी नागेश निषाद एवं वार्ड पंचों ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह के बाद जिला पंचायत सदस्य मथियस कुजूर और खंड शिक्षा अधिकारी नागेश निषाद ने विद्यार्थियों के साथ कक्षा में सहभागिता करते हुए अध्यापन कार्य किया तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया। वहीं सरपंच मुन्नी कुड़ियम ने विद्यार्थियों को पेन एवं कॉपियों का वितरण कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।

 

इस अवसर पर संकुल शैक्षिक समन्वयक प्रेम प्रकाश चापड़ी, प्रधान अध्यापक सड़वल मोरला, प्रधान अध्यापक इकबाल खान सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने विद्यालय के लिए नवीन भवन उपलब्ध कराने पर जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों का कहना है कि नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। विद्यालय के नवीन भवन के उद्घाटन से पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है।

Related Articles

Back to top button