जैगुर में ग्रामीणों के साथ पीएम मोदी के ‘मन की बात’ सुनेंगे प्रभारी मंत्री केदार कश्यप
दंतेवाड़ा से बीजापुर और फिर बस्तर दौरे पर रहेंगे मंत्री, विभिन्न कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

बीजापुर (हिन्दसत)। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप 26 जुलाई को दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के दौरे पर रहेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार वे दंतेवाड़ा जिले के गीदम स्थित छू लो आसमान विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल होंगे तथा इसके बाद बीजापुर जिले के जैगुर (दरभा) पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को ग्रामीणों के साथ सुनेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री कश्यप सुबह 7:30 बजे दंतेवाड़ा सर्किट हाउस से प्रस्थान करेंगे। सुबह 8 बजे गीदम स्थित छू लो आसमान विद्यालय में नीट परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में भाग लेने के बाद वे सुबह 8:20 बजे जैगुर के लिए रवाना होंगे।
सुबह 10 बजे जैगुर पहुंचकर वे ग्रामीणों के बीच आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होंगे और प्रधानमंत्री के विचारों को सामूहिक रूप से सुनेंगे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से संवाद की भी संभावना है।
इसके पश्चात दोपहर 12 बजे वे जैगुर से जगदलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे तथा दोपहर 2 बजे जगदलपुर सर्किट हाउस पहुंचकर आरक्षित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
प्रभारी मंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग को आवश्यक सुरक्षा और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।


