Breaking News

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों और राहुल गांधी के संघर्ष की जीत : विक्रम मंडावी

मोदी सरकार की नीतियों ने शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया, परीक्षा पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित : विधायक

बीजापुर (हिन्दसत)। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने केंद्र सरकार में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे देश के करोड़ों छात्रों, युवाओं और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के लगातार संघर्ष की ऐतिहासिक जीत बताया है।

विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज को लंबे समय तक दबाया नहीं जा सकता। जब युवा अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करते हैं तो सरकारों को उनकी मांगों के आगे झुकना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह अन्याय के खिलाफ न्याय और छात्रों की एक बड़ी जीत है।

विधायक मंडावी ने आरोप लगाया कि हाल के वर्षों में राष्ट्रीय स्तर की कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत और उनके अभिभावकों के सपनों के साथ लगातार खिलवाड़ किया गया, जिससे छात्रों में निराशा और असंतोष बढ़ा है।

विक्रम मंडावी ने केंद्र की भाजपा सरकार की शिक्षा नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय उसे कमजोर किया जा रहा है। उनके अनुसार निजी शिक्षण संस्थानों को बढ़ावा मिलने से आम और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है तथा छात्रों को शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कठोर कानून तथा मजबूत व्यवस्था लागू की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Related Articles

Back to top button