Breaking News

गुरु रविदास जयंती वर्ष पर चलेगा देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान: महेश गागड़ा

समता, सामाजिक न्याय और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान

बीजापुर (हिन्दसत)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में देशव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। यह अभियान 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक विभिन्न चरणों में आयोजित होगा। अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

बीजापुर स्थित भाजपा के अटल सदन कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के संत हैं। उनके विचार आज भी सामाजिक समानता, आत्मसम्मान और राष्ट्रीय एकता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के मंदिरों में 51 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर की जाएगी। इसके साथ ही ‘श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान’ के तहत वाराणसी स्थित जन्मस्थली से पवित्र मिट्टी और जल से भरे कलश देशभर के विभिन्न राज्यों, जिलों और मंदिरों तक पहुंचाए जाएंगे। इस दौरान भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन, दीप महोत्सव और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।

29 जुलाई से 31 अगस्त तक ‘संत संपर्क अभियान’ चलाकर संतों, महंतों और धार्मिक संस्थाओं से संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक ‘श्री गुरु रविदास समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी, जो विभिन्न राज्यों से होते हुए वाराणसी पहुंचेगी।

अभियान के अंतिम चरण में 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक ‘छात्र संपर्क अभियान’ संचालित किया जाएगा। इसके तहत स्कूलों और कॉलेजों में समरसता संवाद, चित्र प्रदर्शनी, संगोष्ठियां एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन कर युवाओं को गुरु रविदास महाराज के जीवन और दर्शन से जोड़ा जाएगा।

प्रेसवार्ता में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीनिवास मुदलियार, भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, मंडल अध्यक्ष अशोक राव, जिला मीडिया प्रभारी प्रताप यादव सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button