Breaking News

कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता, अधिकारियों की ली पहली समीक्षा बैठक

कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग को बताया प्राथमिकता

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ परिचयात्मक बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा जनसुरक्षा से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले की वर्तमान सुरक्षा परिस्थितियों, संचालित अभियानों एवं पुलिस कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, टीम भावना और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण तथा अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने जिले में संचालित चलित थाना एवं जनसंवाद कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि इन पहलों के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन तथा संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि बीजापुर पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और शासन की जनहितकारी योजनाओं तथा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले में शांति, सुरक्षा और विकास के वातावरण को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा, अमन कुमार झा, संजय ध्रुव, चन्द्रकांत गवर्ना, एसडीओपी घनश्याम कामड़े, बृजकिशोर यादव, नवीन एक्का, अमन लखीसरानी सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी, साइबर सेल प्रभारी एवं डीआरजी टीम के कमांडर मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button