Breaking News

पुलिस की तत्परता से लौटी मासूम की मुस्कान, गुमशुदा बालिका सकुशल बरामद

मूसलाधार बारिश के बीच कोतवाली पुलिस की चार टीमों ने चलाया सर्च अभियान, 24 घंटे के भीतर मिली सफलता

बीजापुर (हिन्दसत)। कोतवाली थाना क्षेत्र से लापता हुई एक बालिका को पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। बालिका 22 अगस्त 2026 को सुबह लगभग 8 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच गैस गोदाम के पीछे स्थित क्षेत्र से अचानक लापता हो गई थी। देर रात परिजनों द्वारा इसकी सूचना थाना कोतवाली में दी गई, जिसके बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।

सिटी कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन पर बालिका की पतासाजी और सुरक्षित बरामदगी के लिए थाना कोतवाली से चार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों को विभिन्न क्षेत्रों में तलाश और सूचना संकलन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद पुलिस टीमों ने पूरी तत्परता, संवेदनशीलता और समन्वय के साथ खोज अभियान जारी रखा। पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर जांच की गई तथा स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई गई।

खोज अभियान के दौरान 23 अगस्त को प्राप्त महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। बालिका के सुरक्षित मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बालिका के सकुशल बरामद होने के बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि संवेदनशील मामलों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित प्रयास आम नागरिकों के लिए भरोसे का आधार बनते हैं।

Related Articles

Back to top button