Breaking News

भारी बारिश का असर : बीजापुर जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी में दो दिन का अवकाश

विधायक की मांग पर प्रशासन की त्वरित पहल, बीजापुर जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी में दो दिन का अवकाश

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों सहित आंगनबाड़ियों में 31 जुलाई एवं 1 अगस्त 2026 को अवकाश घोषित कर दिया है।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार लगातार मूसलाधार बारिश के कारण छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर हैं और आवागमन प्रभावित हुआ है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले की सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी शालाओं में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कलेक्टर बीजापुर को पत्र लिखकर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की थी। विधायक ने अपने पत्र में कहा था कि खराब मौसम और जलभराव की स्थिति के कारण विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो रही है तथा उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित किया जाना आवश्यक है।

विधायक की मांग पर गंभीरता दिखाते हुए कलेक्टर विश्वदीप ने त्वरित कार्रवाई की और जिला शिक्षा विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए, जिसके बाद दो दिनों के अवकाश का आदेश जारी किया गया।

उल्लेखनीय है कि जिले में लगातार बारिश के चलते इंद्रावती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है और कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। प्रशासन द्वारा लोगों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील भी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button