Breaking News

बस्तर संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में आर्यभट्ट अकादमी के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

अंडर-9 वर्ग में श्रेयांश परिडा ने जीता द्वितीय स्थान, बीजापुर का बढ़ाया मान

बीजापुर (हिन्दसत)। बस्तर संभाग के प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जगदलपुर में जी.एच. रायसोनी मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा आयोजित बस्तर स्कूल स्तरीय संभागीय शतरंज प्रतियोगिता-2026 में बीजापुर के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आर्यभट्ट अकादमी, बीजापुर से जुड़े सात विद्यार्थियों ने विभिन्न आयु वर्गों में भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व किया और अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में तन्मय सिंह (अंकुर पब्लिक स्कूल), अर्श आशीष घोड़ेस्वर (केंद्रीय विद्यालय), आयुष राव (आदेश्वर पब्लिक स्कूल), सौर्या दुर्गम (हैदराबाद मॉडल स्कूल), प्रभुदत्त परिडा, हिमल साउद एवं श्रेयांश परिडा (अल्फा इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल) ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास और रणनीतिक कौशल के साथ मुकाबले खेले तथा प्रतिस्पर्धा में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

प्रतियोगिता के अंडर-9 वर्ग में श्रेयांश परिडा ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उन्होंने कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए फाइनल चरण तक पहुंचकर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता से न केवल आर्यभट्ट अकादमी बल्कि पूरे बीजापुर जिले में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

आर्यभट्ट अकादमी लंबे समय से जिले के विद्यार्थियों को शतरंज सहित विभिन्न बौद्धिक प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान कर रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद जिले के विद्यार्थी लगातार संभागीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जो क्षेत्र में उभर रही खेल प्रतिभाओं का प्रमाण है।

आर्यभट्ट अकादमी के संस्थापक एन.पी. रॉय ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं बल्कि एक ऐसा माध्यम है, जो विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, धैर्य, निर्णय लेने की क्षमता और एकाग्रता का विकास करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बीजापुर के विद्यार्थी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी जिले का नाम रोशन करेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Related Articles

Back to top button