Breaking News

बाढ़ के बीच देवदूत बनी नगरसेना, बीमार बच्ची और महिला को सुरक्षित पहुंचाया अस्पताल

उफनते नदी-नालों के बीच राहत एवं बचाव कार्य में जुटी नगरसेना की टीम, जिले में अब तक 636.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज

बीजापुर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे हालात में जिला प्रशासन के निर्देश पर नगरसेना (होमगार्ड) की टीम राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जवान जोखिम भरे हालात के बीच लोगों की मदद कर रहे हैं।

इसी दौरान ग्राम रेड्डी की एक महिला और उसकी बीमार बच्ची को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने का मामला सामने आया है। उफनते जलमार्ग और खराब मौसम के बावजूद नगरसेना के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। समय पर सहायता मिलने से महिला और बच्ची को राहत मिल सकी।

नगरसेना की टीम लगातार प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रही है और जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, मरीजों को अस्पताल ले जाने तथा राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य कर रही है। प्रशासन के अनुसार सभी राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और राहत दलों से संपर्क करें। प्रशासन द्वारा लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है।

इस बीच कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 1 जून से अब तक 636.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। सर्वाधिक 803.1 मिमी वर्षा बीजापुर तहसील में रिकॉर्ड की गई है। वहीं भैरमगढ़ में 773.4 मिमी, कुटरू में 747.9 मिमी, गंगालूर में 582.3 मिमी, भोपालपटनम में 527.6 मिमी तथा उसूर में 383.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button