लगातार बारिश और संभावित बाढ़ को लेकर पूर्व मंत्री महेश गागड़ा की अपील
आपदा की घड़ी में प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर जनसेवा करें कार्यकर्ता, नदी-नालों से दूर रहने की दी सलाह

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में लगातार हो रही बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से सतर्कता बरतने तथा प्रशासन के साथ मिलकर जनसेवा कार्यों में सक्रिय रहने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि लगातार वर्षा के कारण जिले के कई क्षेत्रों में सड़क संपर्क बाधित होने और आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। ऐसी स्थिति में यदि किसी गांव या क्षेत्र का संपर्क टूटता है अथवा लोगों को राहत एवं सहायता की आवश्यकता पड़ती है, तो स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई जानी चाहिए।
महेश गागड़ा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से स्थानीय एसडीएम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी के संपर्क में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय समाज और प्रशासन के बीच समन्वय की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
पूर्व मंत्री ने आमजन से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि बाढ़ या जलभराव की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं उठाना चाहिए। नदी, नाले और डुबान वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ और प्रशासनिक अमला संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
गागड़ा ने कहा कि आपदा के समय सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। अफवाहों से बचते हुए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से मानवीय संवेदनाओं के साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए, ताकि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को कठिनाई का सामना न करना पड़े और समय पर राहत उपलब्ध कराई जा सके।



