लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, स्कूलों में अवकाश की मांग
विधायक विक्रम मंडावी ने कलेक्टर को लिखा पत्र, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा का उठाया मुद्दा

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बाधित हो रहा है। ऐसे हालात में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कलेक्टर बीजापुर को पत्र लिखकर जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग की है।

विधायक द्वारा गुरुवार को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हैं तथा नदी-नालों के ऊपर से पानी बहने की स्थिति बनी हुई है, जिससे स्कूली बच्चों के लिए जोखिम बढ़ गया है।
उन्होंने छात्र हित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के समस्त शासकीय और अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों, जिनमें प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं, में अवकाश घोषित करने की आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
क्षेत्र में लगातार जारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनियों के बीच अब लोगों की नजर जिला प्रशासन के निर्णय पर टिकी हुई है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालयों में अवकाश घोषित किए जाने की मांग उठाई है।
