Breaking News

इंद्रावती नदी खतरे के निशान से 3.10 मीटर ऊपर, प्रशासन अलर्ट

कलेक्टर विश्वदीप की अपील – बहते पानी को पार न करें, राहत एवं बचाव दल 24 घंटे तैनात

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते इंद्रावती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को दर्ज आंकड़ों के अनुसार इंद्रावती नदी का जलस्तर 15.600 मीटर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से 3.10 मीटर ऊपर दर्ज किया गया है। नदी-नालों के उफान पर होने से जिले के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर विश्वदीप ने जिलेवासियों से विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में जान जोखिम में डालकर बहते पानी, उफनते नालों या पुल-पुलियों को पार करने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर दी गई है। जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और मैदानी अमले को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने नगरसेना की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों में 24 घंटे तैनात किया है। नाव, लाइफ जैकेट और अन्य बचाव उपकरणों से लैस ये दल किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, मरीजों एवं बुजुर्गों को अस्पताल ले जाने सहित राहत कार्यों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

कलेक्टर ने नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में सतर्कता और जनसहयोग ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।

आपातकालीन संपर्क

  • जिला नियंत्रण कक्ष : 7587291848
  • जिला स्तरीय नोडल अधिकारी (डिप्टी कलेक्टर) : 7974547030
  • नगर सेना एवं अग्निशमन सहायता : 9827499604

Related Articles

Back to top button