राम मंदिर चंदा और चढ़ावा मामले में कांग्रेस का भाजपा पर हमला, सुप्रीम कोर्ट निगरानी में जांच की मांग
बीजापुर में कांग्रेस की प्रेस वार्ता, पीएम मोदी से जवाब मांगा; सभी धार्मिक संस्थाओं के वित्तीय ऑडिट की भी उठाई मांग

बीजापुर (हिन्दसत)। राम मंदिर चंदा और चढ़ावा से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को बीजापुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर देशभर के श्रद्धालुओं से जुटाए गए चंदे और मंदिर में प्राप्त चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
पीसीसी द्वारा नियुक्त बीजापुर प्रभारी उमाशंकर शुक्ला ने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े इस मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े हालिया घटनाक्रम और कुछ पदाधिकारियों के इस्तीफों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस ने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस मामले पर जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि ट्रस्ट के गठन, शीर्ष नियुक्तियों और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से अलग नहीं हो सकती। पार्टी का आरोप है कि कथित अनियमितताओं के मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि शीर्ष स्तर की जवाबदेही अब तक तय नहीं हुई है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे, चढ़ावे, भूमि खरीद, आयोजनों और अन्य व्ययों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कराने की मांग भी उठाई। पार्टी ने वर्तमान ट्रस्ट को भंग कर एक अधिक पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था स्थापित करने की आवश्यकता बताई।
एक सवाल के जवाब में उमाशंकर शुक्ला ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस केवल राम मंदिर ट्रस्ट ही नहीं, बल्कि देश की सभी धार्मिक संस्थाओं के वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता की पक्षधर है। उन्होंने कहा कि सभी धार्मिक संस्थानों के चंदे, दान और वित्तीय प्रबंधन का नियमित ऑडिट होना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे और किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, कमलेश कारम, वेणुगोपाल राव, सुनील उद्दे, पुरुषोत्तम सल्लूर, राजेश जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


