Breaking News

जूडो-कराते प्रशिक्षण से किशोरी छात्राओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर

महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण अभियान के तहत चयनित विद्यालयों में दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

बीजापुर (हिन्दसत)। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के चयनित विद्यालयों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर विश्वदीप के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी बिस्मिता पाटले के मार्गदर्शन में 1 से 5 जुलाई 2026 तक संचालित इस अभियान के तहत किशोरी छात्राओं को जूडो-कराते के माध्यम से आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए गए।

कार्यक्रम के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय परिसर, जीएडी कॉलोनी बीजापुर तथा कन्या शिक्षा परिसर, एजुकेशन सिटी बीजापुर में मास्टर ट्रेनरों द्वारा छात्राओं को विभिन्न परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के तरीके बताए गए। प्रशिक्षण के दौरान संकट की स्थिति में आत्मविश्वास के साथ सामना करने, त्वरित निर्णय लेने और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया देने के उपायों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षकों ने छात्राओं को बताया कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और मानसिक सशक्तिकरण का भी महत्वपूर्ण आधार है। प्रशिक्षण के दौरान महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी भी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर छात्राएं तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।

Oplus_16908288

स्कूल शिक्षा विभाग एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरी बालिकाओं को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ उनमें सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास का विकास करना है।

कार्यक्रम में महिला संरक्षण अधिकारी शीला भारद्वाज, बाल संरक्षण अधिकारी राहुल कौशिक, चाइल्डलाइन सुपरवाइजर महेंद्र कश्यप, सतीश, जूडो-कराते कोच भूवन नागे, दीपक दुर्गम, श्रद्धा डोडी तथा राधे रमण सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button