Breaking News

बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे विधायक विक्रम मंडावी, पीड़ितों से मिलकर जाना हाल

भोपालपटनम क्षेत्र में राहत कार्य तेज करने के निर्देश, सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ के बीच बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने शुक्रवार को भोपालपटनम ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।

विधायक मंडावी ने चंदनगिरी, नलमपल्ली, वर्दली, देपला और तीमेड़ गांव पहुंचकर बाढ़ से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर आवासीय क्षति, खाद्य सामग्री, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। प्रभावित परिवारों ने उन्हें बाढ़ से उत्पन्न कठिनाइयों से अवगत कराया।

दौरे के दौरान विधायक ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावितों तक राहत सामग्री और आवश्यक सहायता समय पर पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक प्रभावित परिवार तक सहायता सुनिश्चित करनी चाहिए।

ग्रामीणों से बातचीत करते हुए विधायक ने अपील की कि बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा प्रशासन और राजस्व विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने लोगों से राहत शिविरों का लाभ लेने और अनावश्यक जोखिम से बचने को कहा।

विधायक मंडावी ने राज्य सरकार से भी मांग की कि संभावित बाढ़ स्थितियों को देखते हुए सुरक्षा और राहत के समुचित प्रबंध किए जाएं। साथ ही पशुधन की सुरक्षा के लिए भी विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीणों को कम से कम नुकसान उठाना पड़े।

 

गौरतलब है कि बीते दिनों जिले में हुई मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई नदी-नाले उफान पर हैं और भोपालपटनम क्षेत्र के अनेक गांव बाढ़ की चपेट में आए हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन द्वारा लगातार राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की जा रही है।

दौरे के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर, कांग्रेस नेता बसंत राव ताटी, कामेश्वर गौतम, अशोक मड़े सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button