Breaking News

बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे कलेक्टर विश्वदीप, राहत शिविरों का किया निरीक्षण

चंदनगिरी राहत शिविर में पीड़ितों से मिले, तिमेड़ पुल और रामपुरम में हालात का लिया जायजा

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ की स्थिति के बीच कलेक्टर विश्वदीप ने शुक्रवार को भोपालपटनम क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

कलेक्टर ने सबसे पहले इंद्रावती नदी पर स्थित तिमेड़ पुल का निरीक्षण कर जलस्तर और आवागमन की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद वे चंदनगिरी स्थित राहत शिविर पहुंचे, जहां बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने राहत शिविर में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में रह रहे प्रत्येक परिवार की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। साथ ही बाढ़ से हुई क्षति का शीघ्र सर्वेक्षण कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए।

दौरे के दौरान कलेक्टर ने नल्लमपल्ली और रामपुरम गांवों का भी निरीक्षण किया। रामपुरम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज बहाव के साथ पानी बहता मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मार्गों पर लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोकने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।

ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने अपील की कि वे बहते पानी को पार करने का प्रयास न करें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना दें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिले में अब तक 692.9 मिमी वर्षा

कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में एक जून से अब तक औसतन 692.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। सर्वाधिक 910.1 मिमी वर्षा बीजापुर तहसील में रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा भैरमगढ़ में 851.6 मिमी, कुटरू में 808.2 मिमी, गंगालूर में 617.3 मिमी, भोपालपटनम में 565.4 मिमी तथा उसूर में 404.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर हैं और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

Related Articles

Back to top button