Breaking News

बाढ़ प्रभावितों से मिलने राहत शिविर पहुंचे निगम अध्यक्ष लोकेश कांवड़िया

भोपालपटनम क्षेत्र का दौरा कर लिया हालात का जायजा, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का दिलाया भरोसा

बीजापुर (हिन्दसत)। छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कांवड़िया ने शुक्रवार को भोपालपटनम विकासखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

दो दिवसीय बीजापुर प्रवास के दौरान कांवड़िया ने इंद्रावती नदी में बढ़े जलस्तर तथा तिमेड़ पुल की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद वे चंदनगिरी स्थित राहत शिविर पहुंचे, जहां ठहरे बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

राहत शिविर में उन्होंने भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था का अवलोकन किया। प्रभावित परिवारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन संकट की इस घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार तक राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

कांवड़िया ने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा, राहत और पुनर्वास सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत शिविरों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।

उन्होंने नागरिकों से बाढ़ के दौरान सावधानी बरतने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय सतर्कता और सहयोग ही सबसे बड़ा बचाव है।

दौरे के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष पेरे पुलैय्या, नगरपालिका उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान, सांसद प्रतिनिधि राम राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष घासी राम नाग, श्रीनिवास मुदलियार, संजय लुंकड़ सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की गई तथा प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button