Breaking News

अवैध प्रवासियों की सूचना देने बीजापुर पुलिस ने जारी की अपील

सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने नागरिकों से मांगा सहयोग, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से संदिग्ध एवं अवैध रूप से निवास कर रहे प्रवासियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि नागरिकों की सतर्कता से संभावित सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।

इस संबंध में बीजापुर पुलिस द्वारा जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, पेट्रोल पंपों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कटआउट और पोस्टर लगाकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पोस्टरों के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या अवैध रूप से निवास कर रहा प्रवासी दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और व्यक्तिगत जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि समाज और पुलिस की साझी भागीदारी से जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।

24 घंटे उपलब्ध हैं हेल्पलाइन नंबर

संदिग्ध गतिविधियों अथवा अवैध प्रवासियों की जानकारी देने के लिए राज्य स्तरीय टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-233-1905 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा बीजापुर पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 07853-220155 तथा 94791-94499 पर भी सूचना दी जा सकती है।

बीजापुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बीजापुर के निर्माण में अपना सक्रिय सहयोग दें।

Related Articles

Back to top button