Breaking News

वंदे मातरम् अभियान के तहत निकाली गई तिरंगा यात्रा एवं मशाल रैली

वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों ने दिया राष्ट्रभक्ति व राष्ट्रीय एकता का संदेश

बीजापुर (हिन्दसत)। वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिले में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडेय के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा एवं मशाल रैली का आयोजन किया गया। रैली में शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग के अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मिनी स्टेडियम से प्रारंभ हुई यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय तक पहुंची। हाथों में तिरंगा और मशाल लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उप संचालक (जनसंपर्क) दिनेश नेताम, तहसीलदार पंचराम सलामे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी नागेश्वर निषाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। आवासीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। इसकी 150वीं वर्षगांठ नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति और संविधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

Related Articles

Back to top button