प्रेस क्लब चुनाव के लिए तहसीलदार पंचराम सलामे प्रेक्षक नियुक्त, सुरक्षा के रहेंगे व्यापक इंतजाम
मतदान एवं मतगणना स्थल पर तैनात रहेगा पर्याप्त पुलिस बल, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए प्रशासन ने कसी कमर

बीजापुर (हिन्दसत)। जिला पत्रकार संघ सह प्रेस क्लब बीजापुर के आगामी चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। अनुविभागीय दण्डाधिकारी (राजस्व) बीजापुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार 31 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले प्रेस क्लब चुनाव के लिए तहसीलदार बीजापुर पंचराम सलामे को प्रेक्षक एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी नियुक्त किया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक जिला पत्रकार संघ सह प्रेस क्लब भवन बीजापुर का निर्वाचन 31 अगस्त को प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रेक्षक के रूप में नियुक्त पंचराम सलामे मतदान एवं मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी करेंगे तथा चुनाव को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि प्रेस क्लब सह जिला पत्रकार संघ बीजापुर के कार्यकारी अध्यक्ष के. संतोष कुमार तथा निर्वाचन प्रभारी अशोक मिश्रा और अयूब खान ने अनुविभागीय दण्डाधिकारी जागेश्वर कौशल को ज्ञापन सौंपकर निर्वाचन के सफल संचालन हेतु प्रशासनिक सहयोग, प्रेक्षक की नियुक्ति और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। ज्ञापन में कहा गया था कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पत्रकार सदस्य मतदान में भाग लेंगे, इसलिए चुनाव को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक सहयोग आवश्यक है।
प्रशासन ने इस अनुरोध पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रेक्षक नियुक्त करने के साथ ही मतदान एवं मतगणना स्थल पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय रहेगा तथा आवश्यकता अनुसार पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे।
एसडीएम कार्यालय द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि कमिश्नर बस्तर संभाग जगदलपुर, कलेक्टर बीजापुर, पुलिस अधीक्षक बीजापुर, तहसीलदार पंचराम सलामे, थाना प्रभारी बीजापुर तथा जिला पत्रकार संघ सह प्रेस क्लब बीजापुर को प्रेषित की गई है।
प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने के बाद प्रेस क्लब चुनाव को लेकर सरगर्मियां और तेज हो गई हैं। अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं और सदस्य अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में सक्रिय हैं। चुनाव को लेकर पत्रकारों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है, वहीं प्रशासन निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।

